




बयूरो : कांस्टेबल अमनदीप कौर की मुश्किलें कम होने का नाम ही नहीं ले रही। जानकारी के अनुसार, विजिलेंस ने बर्खास्त की गई कांस्टेबल को हिरासत में ले लिया है। विजिलेंस के द्वारा अमनदीप कौर से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस कांस्टेबल अमनदीप कौर के खिलाफ आय से ज्यादा संपत्ति का मामला भी दर्ज किया गया है। इससे पहले उन्हें ड्रग्स के मामले में निलंबित किया गया था। विजिलेंस ब्यूरो ने अब उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
अमनदीप कौर अपनी आलीशान लाइफस्टाइल के चलते चर्चा में रही हैं। उनके पास रोलेक्स की घड़ी, थार एसयूवी और आलीशान घर भी है। पिछले दिनों बठिंडा पुलिस ने उन्हें उस समय हिरासत में लिया था जब वह अपनी थार गाड़ी में जा रही थी। इस दौरान जब उनकी गाड़ी की तलाश हुई तो उसमें से 17.71 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद उच्च अधिकारियों ने उनको बर्खास्त कर दिया। महिला कांस्टेबल अमनदीप कौर मूल रुप से मानसा में तैनात थी और उस समय बठिंडा पुलिस लाइन में ड्यूटी पर थी। उनका गांव बठिंडा जिले के चक फतेह सिंह वाला में है। गिरफ्तारी के बाद उसके एक साथी बलविंदर सिंह को भी नामजद किया गया और एक दिन बाद पुलिस ने उनको भी गिरफ्तार कर लिया। इस तरह मामला ट्रायल के लिए अदालत में चला गया।
हाल ही में एक इंटरव्यू में अमनदीप ने बताया था कि उसे झूठा फंसाया गया है और वह निर्दोष है मगर विजिलेंस विभाग को उनके खिलाफ कई संदिग्ध वित्तीय लेन-देन और बेहिसाब संपत्तियों के इनपुट मिले थे। विजिलेंस रिकॉर्ड के मुताबिक, कुछ सालों में उनकी आमदनी 1.08 करोड़ रुपये आंकी गई थी लेकिन जब विजिलेंस ने हिसाब लगाना शुरु किया तो उसका खर्च 1.39 करोड़ रुपये सामने आया। मिली जानकारी की मानें तो अमनदीप कौर को आज शाम पूछताछ के बहाने बुलाया गया लेकिन जब वह पहुंची तो उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आज देर शाम या फिर कल सुबह पुलिस उसको कोर्ट में पेश करके रिमांड हासिल कर सकती हैं। विजिलेंस को अमनदीप से उसकी आमदनी का रिकॉर्ड हासिल करना है। विजिलेंस यह जानना चाहती है कि एक कांस्टेबल की आमदनी में ऐसी शान-ओ-शौकत कैसे संभव हुई। जांच में अमनदीप की संपत्तियां, बैंक खातों और कथित संबंधों की अच्छे से जांच पड़ताल होगी।