



बयूरो: जालंधर में 25 जनवरी को गर्म ख्याली खालिस्तानियों द्वारा स्थानीय अम्बेडकर चौक पर पहुंच कर संविधान का अपमान किया गया था और पंजाब को भारत से आज़ाद करने की मांग रखी गई थी। वहीं 26 जनवरी को जहां देशभर में 76वां गणतंत्र दिवस मनाया गया, वहीं इसी दिन अमृतसर के टाऊन हाल स्थित डॉ. अंबेडकर की प्रतिम की एक नौजवान द्वारा की गई बेअदबी के कारण पूरे दलित समाज में भारी रोष देखा जा रहा है। इस घटना के कारण पंजाब भर में माहौल गरमाया हुआ है और इस बारे सियासत काफी गरमा गई है। इसी के चलते 28 जनवरी यानी आज विभिन्न शहरों जिनमें जालंधर, अमृतसर, लुधियाना, नवांशहर, नकोदर, मोगा, फगवाड़ा आदि में बंद की कॉल दी गई है। इस दौरान एस.सी. समुदाय ने बाबा साहेब की प्रतिमा की बेअदबी करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान जहां कई स्कूल तो बंद कर दिए गए हैं वहीं कई ऑनलाइन पढ़ाई करवा रहे हैं लेकिन कई स्कूलों ने बंद नहीं किया है। वहीं कई शहरों के बाजारों में लाउड स्पीकरों से घोषणाएं की गईं, जिसमें इस बंद में व्यापारी समुदाय से सहयोग मांगा गया। हालांकि, इस दौरान मेडिकल स्टोर, अस्पताल और पेट्रोल पंप जैसी आपातकालीन सेवाएं खुली रखने की बात दलित समाज द्वारा कही गई लेकिन अन्यों से उन्होंने बंद कामयाब बनाने का आह्वाहन किया। दलित समुदाय इस निंदनिय घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।