Home International पंजाब पुलिस के SHO को अमेरिका की FBI ने अपराध सिंडिकेट का...

पंजाब पुलिस के SHO को अमेरिका की FBI ने अपराध सिंडिकेट का बताया हिस्सा, किया गया लाइन हाजिर, जाँच आरम्भ, पढ़ें व देखें

बयूरो : अमेरिका की फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) की अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई में पंजाब पुलिस के 1 अधिकारी का नाम सामने आया है। अमेरिकी अदालत में पेश आरोपपत्र के मुताबिक, पंजाब पुलिस के अधिकारी गुरिंदरजीत सिंह पर गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के अपराध सिंडिकेट की मदद करने और झूठे हत्या के मामले दर्ज कराने के लिए लोगों को धमकाने का आरोप लगाया गया है।

अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, यह खुलासा ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के तहत लॉस एंजिलिस में दाखिल किए गए दस्तावेजों में हुआ। आरोप है कि गुरिंदरजीत सिंह ने गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर उनके विरोधियों को झूठे मामलों में फंसाने और उनसे पैसे वसूलने का काम किया। FBI के मुताबिक, अप्रैल 2026 में कैलिफोर्निया के स्टॉकटन में रह रहे भारत के 22 वर्षीय गुरलाल सिंह, जिसे जग्गू भगवानपुरिया गैंग का सदस्य बताया गया है, ने 1 व्यक्ति की जानकारी गुरिंदरजीत सिंह को दी। इसके बाद गुरिंदरजीत ने कथित तौर पर उस व्यक्ति के पिता को फोन कर पूरे परिवार को जनवरी 2026 के 1 हत्या मामले में फंसाने की धमकी दी।

आरोप है कि 13 अप्रैल को उन्होंने कहा कि परिवार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया जाएगा। 16 अप्रैल को उन्होंने पैसे की मांग की और कहा कि रकम नहीं देने पर पिता, बेटे और बेटी—तीनों को आरोपी बना दिया जाएगा। मई 2026 में भी कथित तौर पर परिवार पर पैसे देने का दबाव बनाया गया। हालांकि, SHO  गुरिंदरजीत सिंह द्वारा इन आरोपों को गलत ठहराया गया है। उनका कहना है कि उन्हें इस मामले की जानकारी केवल सोशल मीडिया से मिली है और अभी तक कोई आधिकारिक नोटिस नहीं मिला। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं पता कि उनका नाम इस मामले में क्यों जोड़ा गया है।

अमेरिकी आरोप पत्र में दावा किया गया है कि जग्गू भगवानपुरिया गैंग ने भारत में कुछ कथित भ्रष्ट पुलिस और सरकारी अधिकारियों की मदद से जबरन वसूली और विरोधियों के खिलाफ झूठे केस दर्ज कराने का नेटवर्क बनाया था। यह खुलासा उस समय हुआ है जब 7 जुलाई को अमेरिकी न्याय विभाग, FBI और कनाडा व यूरोप की एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भारत से जुड़े 3 बड़े अपराध सिंडिकेटों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इन सिंडिकेटों में लॉरेंस बिश्नोई, जग्गू भगवानपुरिया और कनाडा में बैठे रविंदर सिंह धांधा के नेटवर्क शामिल हैं। इन पर जबरन वसूली, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियार, हत्या की साजिश और संगठित अपराध जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

पंजाब पुलिस ने टांडा थाना के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरिंदरजीत सिंह नागरा को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन, होशियारपुर स्थानांतरित कर दिया है। यह कार्रवाई उनके खिलाफ कथित तौर पर अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई द्वारा ऑपरेशन हार्डबॉल के तहत रंगदारी मामले में जांच किए जाने संबंधी खबरों और सोशल मीडिया पोस्टों का संज्ञान लेने के बाद की गई है। डीआईजी जालंधर रेंज कार्यालय के अनुसार, मामले के तथ्यों की पुष्टि के लिए औपचारिक तथ्य जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच की जिम्मेदारी एसपी (इन्वेस्टिगेशन) जालंधर ग्रामीण आईपीएस अधिकारी को सौंपी गई है।