





बयूरो : जालंधर के इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित एक सड़क किनारे ढाबे पर उस समय हड़कंप सा मच गया जब चाय पी रहे 1 व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। जेब से मिली पर्ची के अनुसार मृतक की पहचान राजा के रूप में हुई है। मृतक की उम्र 50 साल के करीब लग रही है। मौके पर मौजूद लोगों अनुसार, वह सुबह ढाबे पर चाय पीने आया था। इसी दौरान उसे अचानक घबराहट महसूस होने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तुरंत बेंच पर लिटाया और पानी पिलाया, लेकिन करीब 10 मिनट के भीतर ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना-8 की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मृतक का कोई परिजन सामने नहीं आया है, इसलिए 72 घंटे तक शव को मोर्चरी में रखा जाएगा। जांच अधिकारी एएसआई धर्मपाल के मुताबिक, यदि इस दौरान कोई वारिस नहीं आता तो पुलिस द्वारा अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। वहीं ढाबे के मालिक ने बताया कि, वह मृतक को नहीं जानता, न ही वह कभी इससे पहले ढाबे पर चाय पीने के लिए आया है।