Home Punjab जालंधर में बरसात से गिरा पारा, लोगों ने फिर निकाली जैकेटें, पढ़ें...

जालंधर में बरसात से गिरा पारा, लोगों ने फिर निकाली जैकेटें, पढ़ें व देखें

बयूरो : जालंधर शहर में वीरवार को दोपहर के समय अचानक मौसम ने करवट ले ली। मॉडल टाउन, 66 फुटी रोड, मकसूदां समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों संसारपुर और कैंट क्षेत्र में बारिश दर्ज की गई। पिछले कुछ दिनों से मौसम के बदले मिजाज का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दे रहा है। अधिकतम तापमान करीब 19 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। मौसम विभाग चंडीगढ़ ने पहले ही क्षेत्र में बारिश और बदलते मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया था। विभाग के अनुसार आने वाले घंटों में तेज हवाओं के साथ बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है। 20 मार्च को भी हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक का अनुमान जताया गया है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक राजस्थान के ऊपर सक्रिय सिस्टम के खिसकने और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते उत्तर भारत के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके कारण कहीं बादल, कहीं बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बनी हुई है। इसके अलावा, विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना है। अगले 24 घंटों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद इसमें और गिरावट दर्ज की जा सकती है। शनिवार से मौसम के साफ होने की उम्मीद जताई जा रही है।