Home International नेपाल के प्रधानमंंत्री केपी शर्मा ओली ने दिया इस्तीफा, प्रदर्शनकारियों ने संसद...

नेपाल के प्रधानमंंत्री केपी शर्मा ओली ने दिया इस्तीफा, प्रदर्शनकारियों ने संसद में लगाई आग, पढ़ें व देखें

ब्यूरो: नेपाल में जेन जेड प्रदर्शनकारियों के विरोध प्रदर्शन से बिगड़ते हालातों को देखते हुए प्रधानमंंत्री केपी शर्मा ओली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। प्रदर्शनकारी केपी शर्मा ओली के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। कयास ये भी लगाए जा रहे हैं कि केपी शर्मा ओली नेपाल छोड़ सकते हैं।

मंगलवार को नेपाल के युवाओं का उग्र रूप कई शहरों में देखने को मिला। मंगलवार दोपहर को प्रदर्शनकारियों ने नेपाल की संंसद को फूंक दिया। प्रदर्शनकारियों ने इससे पहले प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के निजी निवास के अलावा, कई नेताओं और पूर्व प्रधानमंत्रियों के निजी आवासों में तोड़फोड़ की। कई जगहों पर प्रदर्शनकारी सुरक्षबलों को दौड़ाते नजर आए। प्रदर्शनकारियों ने सार्वजनिक रूप से एकत्र होने पर लगे प्रतिबंधों को न मानते हुए “छात्रों को मत मारो” जैसे नारे लगाए।

विरोध के चलते झुकी नेपाली सरकार

नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की सरकार ने देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगाया गया प्रतिबंध हटा लिया। नेपाल के संचार मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरूंग ने बैन हटने की घोषणा, पीएम के साथ हाईलेवल एमरजेंसी मीटिंग खत्म होने के बाद की। उन्होंने बताया कि सरकार ने जनता की भावनाओं और देश में बने हालात को देखते हुए यह निर्णय लिया। दूसरी ओर पीएम ओली ने इस दौरान हुई हिंसा की घटनाओं पर दुख जताया था।

आखिर क्यों हुई नेपाल में इतनी हिन्सा

2023 में नेपाल सरकार ने सोशल मीडिया को लेकर एक गाइडलाइंस बनाई और इसके तहत नेपाल में काम कर रहे ऐप्स को रजिस्ट्रेशन के लिए कहा. लेकिन इसको विदेशी प्लैटफॉर्म्स ने गंभीरता से नहीं लिया. इसके बाद नेपाल के सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से इन पर प्रतिबंध लगाने को कहा. नेपाल कैबिनेट ने 28 अगस्त को सभी सोशल मीडिया ऐप्स को एक सप्ताह के अंदर रजिस्टर्ड करने को कहा, लेकिन किसी भी संस्था ने इसका पालन नहीं किया. इसके बाद सरकार ने 5 सितंबर को 26 ऐप्स को बैन कर दिया. सोशल मीडिया के इस प्रतिबंध को युवाओें ने सरकार के अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमले और युवाओं को देश दुनिया के साथ संवाद स्थापित कर सकने से रोकने के तौर पर लिया.