बयूरो: कमिशनरेट पुलिस के थाना-7 मे बने ACP मॉडल टाउन के दफ्तर मे हाथापाई व आरोपी पक्ष की महिला द्वारा पीड़िता के थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार फोल्डीवाल की निवासी व निजी अस्पताल में नर्स का काम करने वाली युवती ने अपने सगे भाई के खिलाफ शिकायत दी थी। जिसकी जांच के लिए दोनों पक्ष ACP रूपदीप कौर के समक्ष पेश हुए थे।
पुलिस को दी गई शिकायत मे पीड़िता ने आरोप लगाया था कि उसका भाई उसके साथ गलत हरकते करता है। जिससे परेशान होकर वह अपनी नानी के घर जसवंत नगर रहने चली गई। शिकायत पर सुनवाई के दौरान ACP के सामने ही दफ्तर मे आरोपी पक्ष के साथ आई रिश्तेदार सुरजीत कौर ने पीड़िता (शिकायतकर्ता) से मारपीट शुरू कर दी। जिसके बाद घर आकर युवती ने जहरीला पदार्थ निगल लिया और परिवार के सदस्यों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल करवा दिया।
जसवंत नगर के रहने वाले सोनू ने बताया कि उसकी भांजी, भाई और पिता के साथ फोल्डीवाल में रह रही थी। भांजी ने आरोप लगाए है कि दो महीने पहले भाई सूरज ने उसके साथ घर में गलत हरकत करने की कोशिश की, जिसकी शिकायत उसने पुलिस के उच्चाधिकारियों को दी थी। शिकायत एसीपी माडल टाउन को मार्क हुई थी। जिसके संबंध में उसे थाने में पेश होने के लिए कहा गया था।
वह थाने में गए थे, जहां भाई सूरज और पिता जॉर्ज के साथ रिश्तेदार सुरजीत कौर भी आई हुई थी। एसीपी के कमरे में किसी बात को लेकर बहसबाजी हो गई, तो भाई की तरफ से आई हुई सुरजीत ने एसीपी के सामने उसे (पीड़िता को) थप्पड़ मारना शुरू कर दिए। वह इंसाफ की आस छोड़ वहां से वापस नानी के घर जसवंत नगर में आ गई, जहां आकर उसने पुलिस कार्रवाई न होते देख जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत गंभीर होती देख वह उसे इलाज के लिए पिम्स अस्पताल में लेकर गए और डॉक्टरों ने इस संबंध में पुलिस को सूचित किया।
वहीं इस मामले मे एसीपी माडल टाउन रूपदीप कौर ने बताया कि दोनों पक्षों को शिकायत के चलते जांच के लिए थाने में बुलाया गया था। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर हाथ उठाया था। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट बना कर भेज दी गई है और भाई पर लगे आरोपों की जांच की जा रही है।