जालंधर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सैंट्रल टाउन निवासी एक नामी वकील, उसके बेटे और दामाद पर अपनी ही बहू की न्यूड फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने का गंभीर आरोप लगा है। साइबर सैल पुलिस स्टेशन में इस मामले में आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत एफआईआर नंबर 21 दर्ज की गई है। आरोपियों की पहचान वकील आर.के. बजाज, उसका बेटा विशाल बजाज और दामाद विशाल स्याल के रूप में हुई है।
पीड़ित महिला ने यह शिकायत सबसे पहले अगस्त 2022 में जालंधर के पुलिस कमिश्नर को दी थी, लेकिन दो साल की जांच के बाद अब जाकर मामला दर्ज हुआ है। पीड़िता का विवाह विशाल बजाज से हुआ था और उनका एक चार साल का बेटा भी है। शादी के कुछ समय बाद ही महिला को पता चला कि उसका पति नशे का आदी है। जब उसने विरोध किया तो पति द्वारा उसे गाली-गलौज और प्रताड़ित किया गया। इससे परेशान होकर वह जुलाई 2022 में अपने मायके चली गई।
पीड़िता का आरोप है कि उसके ससुराल पक्ष ने उस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया और धमकी दी कि अगर उसने बेटा नहीं सौंपा तो उसकी अश्लील तस्वीरें वायरल कर दी जाएंगी और झूठे केस में फंसा दिया जाएगा। 2 अगस्त 2022 को रात करीब 2.30 बजे उसके ससुर आर.के. बजाज ने अपनी फेसबुक आईडी से उसकी न्यूड फोटो पोस्ट कर दी, जिससे उसकी सामाजिक छवि को गहरा आघात पहुंचा।
पीड़िता ने 5 अगस्त 2022 को इस संबंध में पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी। उसने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस पर आरोपियों द्वारा दबाव बनाया गया, जिसके चलते कार्रवाई में देरी हुई। साल 2023 में भी ससुराल पक्ष द्वारा उसके मायके में घुसकर हमला किया गया था, जिसमें केस दर्ज तो हुआ लेकिन आरोपियों ने दबाव बनाकर जमानत ले ली।
अब जबकि मामला दर्ज हो चुका है, पीड़िता का आरोप है कि पुलिस दबाव में आकर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर रही है। जब वह साइबर सैल के इंचार्ज अशोक शर्मा से एफआईआर की कॉपी लेने गई, तो उसे कॉपी भी नहीं दी गई।
इस पूरे मामले की जांच एसीपी गगनदीप सिंह घुम्मण और साइबर सैल टीम ने मिलकर की है। पीड़िता ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई, तो वह डीजीपी दफ्तर जाकर न्याय की गुहार लगाएगी।
जांच में सामने आया कि जिस फेसबुक आईडी से फोटो पोस्ट की गई थी, वह आर.के. बजाज के नाम पर थी। इसके अलावा अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वही फोटो आरोपी पति विशाल बजाज और दामाद विशाल स्याल ने भी पोस्ट की थी। फेसबुक कंपनी से प्राप्त विवरण के आधार पर यह पुष्टि हुई।