




ज्योति ने 2023 में वीजा एजेंटों के माध्यम से पाकिस्तान की 2 बार यात्रा की थी। इस दौरान उसकी मुलाकात दिल्ली में पाकिस्तानी उच्चायोग के कर्मचारी एहसन-उर-रहीम उर्फ दानिश से हुई। दानिश को बीते 13 मई को भारत सरकार ने अवांछित व्यक्ति घोषित किया और देश से निष्कासित कर दिया था। दानिश ने ही ज्योति को पाकिस्तानी खुफिया ऑपरेटिव्स से मिलवाया था। ज्योति ने व्हाट्सएप, टेलीग्राम और स्नैपचैट जैसे एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म्स के जरिए शाकिर उर्फ राणा शाहबाज जैसे ऑपरेटिव्स से संपर्क बनाए रखा, जिनका नंबर उसने जट रंधावा के नाम से सेव किया था।
जांच में पता चला कि ज्योति रानी ने भारतीय स्थानों से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां साझा कीं। उसने सोशल मीडिया पर पाकिस्तान की सकारात्मक छवि को बढ़ावा दिया। इसके अलावा, ज्योति ने एक पाकिस्तानी ऑपरेटिव के साथ करीबी संबंध बनाए और उसके संग इंडोनेशिया के बाली की यात्रा भी की। ज्योति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152 और ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट 1923 की धाराओं 3, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसकी लिखित सहमति के बाद मामला हिसार की आर्थिक अपराध शाखा को सौंप दिया गया। इस मामले में ज्योति सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें पंजाब और हरियाणा के अन्य आरोपी शामिल हैं।