









बयूरो : जालंधर कैंट में दर्दनाक हादसे में 5वीं की छात्रा की मौत होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि कैंट के अधीन आते केवी-4 स्कूल की 5वीं की छात्रा बस का इंतजार कर रही थी कि अचानक आर्मी ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान पायल निवासी सोढल के रूप में हुई है। घटना की सूचना लोगों द्वारा पुलिस और परिजनों को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना कैंट की पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार मृतका पायल सहेलियों के साथ बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान आर्मी का ट्रक भी स्कूल में पहुंचा। ट्रक चालक द्वारा यू-टर्न लेने के दौरान पायल ट्रक के टायर के नीचे आ गई और टायर सिर से गुजरने पर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते पिता अशोक मौके पर पहुंचे। पिता ने कहा कि घटना स्थल पर देखा कि बच्ची का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था, जिसे देख वह बेसुध हो गया। मृतक के पिता ने कहा कि बच्चों ने आर्मी ट्रक चालक को आवाज भी दी, लेकिन उसने कुछ नहीं सुना और बच्ची ट्रक की चपेट में आ गई। इस घटना को लेकर उसने प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई है।