









बयूरो : जालंधर के वेरका मिल्क प्लांट से सलेमपुर रोड पर स्थित एक होम्योपैथिक क्लीनिक के शटर पर गोली चलने का निशान मिलने से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब दुकान मालिक सोमवार सुबह क्लीनिक खोलने पहुंचा। इसके बाद उन्होंने तुरंत थाना-1 पुलिस को सूचना दी। पड़ोसी दुकान के मालिक ने बताया कि शनिवार शाम को होम्योपैथिक क्लीनिक को बंद कर सभी अपने-अपने घर चले गए थे। सोमवार सुबह दुकान खुलने पर शटर पर गोली का निशान दिखाई दिया, जिससे आसपास के लोग भी दहशत में आ गए।
दुकान मालिक आर्यन के अनुसार, शनिवार रात करीब 8.30 बजे वह दुकान बंद कर गए थे। सोमवार सुबह करीब 11 बजे लौटने पर उन्हें शटर पर गोली लगने का निशान मिला। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका किसी से कोई विवाद नहीं है और न ही उन्हें किसी तरह की धमकी मिली है। सूचना मिलते ही जालंधर थाना-1 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले के हर पहलू से जांच की जा रही है।