Home Crime जालंधर: पति ने बेरहमी से पत्नी का तवे से पीट पीट कर...

जालंधर: पति ने बेरहमी से पत्नी का तवे से पीट पीट कर किया कत्ल, उधर संदिग्ध शव मिलने से फैली सनसनी, पढ़ें व देखें

बयूरो : जालंधर में जहां एक ओर 1 शव मिलने से सनसनी फैल गई है वहीं पति द्वारा अपनी पत्नी का तवे से पीट पीट कर मर्डर कर देने की घटना से लोगों में दहशत फैल गई है। जानकारी अनुसार जालंधर के थाना लांबड़ा क्षेत्र के अंतर्गत आते सागर एन्क्लेव में एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। यहां एक सनकी पति ने मामूली घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी की इतनी बेरहमी से हत्या कर दी कि देखने वालों के पसीने छूट गए। आरोपी पति ने रसोई में इस्तेमाल होने वाले लोहे के तवे से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ इतने वार किए कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई और उसकी आंखें तक बाहर आ गईं।

इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद 55 वर्षीय आरोपी संतोष विश्वकर्मा खुद लांबड़ा थाने पहुंच गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उसने ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों के सामने बेखौफ होकर कहा, “मैं अपनी जनानी का मर्डर करके आया हूं, मुझे अरेस्ट कर लो।” यह सुनकर पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए। इसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घर से 48 वर्षीय मृतका सीता देवी का खून से लथपथ शव बरामद किया। बताया जा रहा है कि घटना के समय मृतका के बेटे फैक्टरी में काम करने गए हुए थे। जब वे वापस लौटे तो मां का क्षत-विक्षत शव देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

पुलिस की शुरुआती जांच और स्थानीय लोगों की चर्चाओं से यह चौंकाने वाली बात भी सामने आई है कि मूल रूप से नेपाल का रहने वाला आरोपी संतोष विश्वकर्मा वहां भी किसी हत्या के मामले में शामिल रहा है और वहां से भागकर पंजाब में छिपा था। पुलिस इस एंगल की आधिकारिक पुष्टि के लिए गहराई से जांच कर रही है। वहीं, इलाके के लोगों में इस बात को लेकर भारी रोष है कि मकान मालिक ने बिना पुलिस वेरिफिकेशन के इस परिवार को कमरा किराए पर दिया था। पुलिस अब मकान मालिक से भी पूछताछ कर रही है। फिलहाल, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है और आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। वहीं जालंधर के गदईपुर इलाके में 1 युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। शव मिलने की खबर से मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। शुरुआती जांच में मामला रहस्यमयी बना हुआ है, जिसके चलते पुलिस इसे हत्या और हादसे दोनों एंगल से जांच रही है।

जानकारी अनुसार गदईपुर स्थित एक मुर्गी फार्म के पास खाली प्लॉट में करीब 35 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने जब शव को देखा तो तुरंत थाना नंबर-8 की पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस को मौके से एक बाइक भी बरामद हुई, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि बाइक किसी शिवसेना कार्यकर्ता की हो सकती है।

बताया जा रहा है कि जिस प्लॉट में युवक का शव मिला, वह सड़क से करीब 6 से 7 फीट गहरा है। युवक औंधे मुंह पड़ा हुआ था और पास में उसकी बाइक भी गिरी मिली। शव को बाहर निकालने के लिए पुलिस को जेसीबी मशीन बुलानी पड़ी। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की पहचान करवाने की कोशिश कर रही है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।