Home Crime जालंधर: सिलेंडर ब्लास्ट ! बड़े से छोटे मे Gas Refill करते हुए...

जालंधर: सिलेंडर ब्लास्ट ! बड़े से छोटे मे Gas Refill करते हुए घटी घटना, गैस चोरी की आशंका, पढ़ें व देखें

बयूरो : जालंधर के शाम नगर इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर में अवैध तरीके से गैस रिफिलिंग करते समय जोरदार सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना भयानक था कि कमरे का लोहे का गेट उखड़कर बाहर जा गिरा और अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। इस हादसे में एक युवक बुरी तरह झुलस गया, जिसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय निवासियों अनुसार, इस किराए के कमरे में रहने वाले 2 व्यक्ति बड़े सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में गैस भरने और चोरी करने का अवैध काम कर रहे थे। इसी दौरान गैस लीक होने से यह भयानक धमाका हो गया। घटना के समय एक युवक वहां खाना बना रहा था, जो विस्फोट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-1 के सब-इंस्पेक्टर वरिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पुलिस ने कमरे से 4 गैस सिलेंडर, गैस रिफिल करने वाली पाइपें और 1 इलेक्ट्रॉनिक कांटा (तोलने की मशीन) बरामद की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही मकान मालिक से भी पूछताछ की जा रही है कि बिना पुलिस वेरिफिकेशन के इन युवकों को किराए पर कमरा कैसे दिया गया।