ब्यूरो: द नोबेल स्कूल में बैसाखी का त्योहार बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चे रंग-बिरंगे पारंपरिक पंजाबी परिधानों में बहुत ही सुंदर लग रहे थे। विद्यार्थियों ने पंजाब की समृद्ध संस्कृति को दर्शाते हुए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। अनेक गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर और पूरे मन से भाग लिया।
बच्चों ने गिद्धा, भांगड़ा, एकल नृत्य, , समूह नृत्य और भाषण के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। अपने भाषणों के जरिए उन्होंने पंजाब की सांस्कृतिक विरासत को उजागर किया।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल के चेयरमैन प्रोफेसर सी. एल. कोछड़, मैनेजिंग डायरेक्टर इंजीनियर कुमार शिव कोछड़, डायरेक्टर सरोज शर्मा, प्रिंसिपल रविंदर कौर और शिक्षकगण उपस्थित रहे। चेयरमैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बैसाखी के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि बैसाखी पंजाब का मुख्य त्योहार है, जो हर वर्ष बैसाख महीने के पहले दिन मनाया जाता है। इस दिन गेहूं की फसल की कटाई शुरू होती है।
उन्होंने यह भी बताया कि बैसाखी के दिन, 13 अप्रैल 1669 को सिखों के दसवें गुरु, गुरु गोबिंद सिंह जी ने खालसा पंथ की स्थापना की थी। मैनेजिंग डायरेक्टर ने भी इस अवसर पर विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दीं और आपसी भाईचारे तथा शांति से रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।