Home Education द नोबेल स्कूल में धूमधाम से मनाया गया वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह

द नोबेल स्कूल में धूमधाम से मनाया गया वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह

बयूरो (गोलमाल न्यूज़) : द नोबेल स्कूल की ओर से शनिवार को किंडरगार्डन और प्राइमरी विंग का वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। यह समारोह ‘परवाज़’ थीम पर आधारित था, जिसका अर्थ है सपनों की उड़ान। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जालंधर नगर निगम के मेयर विनीत धीर थे और उनके साथ आम आदमी पार्टी के सीनियर लीडर अजय चोपड़ा, इंजीनियर अश्विनी कोछड़, एपीजे कॉलेज के प्रोफेसर अवनीत धयोर, जालंधर के कृष्ण मुरारी मंदिर के जनरल सेक्रेटरी उमा महेश्वर सम्माननीय अतिथिगण मौजूद रहे। जिनका स्वागत स्कूल के चेयरमैन प्रो.सी.एल. कोछड़, मैनेजिंग डायरेक्टर इंजीनियर कुमार शिव कोछड़, डेविट कॉलेज के प्रोफेसर आरती कोछड़ , मास्टर कार्तिकेय, डायरेक्टर सरोज शर्मा, प्रिंसिपल रविंदर कौर और समूह स्टाफ ने किया। इस समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि, स्कूल के चेयरमैन व मैनेजिंग डायरेक्टर, डायरेक्टर, प्रिंसिपल, किंडरगार्डन के को-ऑर्डिनेटर स्वीटी भंडारी और प्राइमरी विंग के को-ऑर्डिनेटर आंचल गुप्ता द्वारा ज्योति प्रज्ज्वलित करके किया गया जो कि ज्ञान के प्रकाश से अज्ञान के अंधकार को दूर करने की पवित्र परंपरा का प्रतीक है। स्कूल के डायरेक्टर मैम ने आज की थीम को ध्यान में रखते हुए सभी बच्चों को अपने जीवन में मेहनत और लगन के साथ सपनों की ऊंची उड़ान भरने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद स्कूल के चेयरमैन ने स्कूल के 10 साल पूरे होने की सबको बधाई देते हुए विद्यालय की प्रगति, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का विस्तृत विवरण देते हुए कहा कि हमारा स्कूल गांव में होते हुए भी शिक्षा के क्षेत्र में ऊंची शिखरों को छू रहा है। स्कूल के विद्यार्थियों ने गणेश वंदना कर रंगारंग कार्यक्रम का आगाज किया। इसके उपरांत नन्हे मुन्ने बच्चों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक रंगारंग गतिविधियों जैसे वेस्टर्न डांस, भांगड़ा, गिद्दा, गीत- स्कूल चले हम, नाटक आदि की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण मंच नाटक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ रहा। जिसके माध्यम से विद्यार्थियों ने सभी को एकता, आपसी प्रेम का संदेश दिया। वर्ष 2024- 25 में सभी कक्षाओं के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर आने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि, स्कूल के चेयरमैन और एमडी द्वारा ट्रॉफी और स्कूल प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। मुख्य अतिथि ने विद्यालय की उपलब्धियों और अनुशासन की सराहना की और कहा कि यह स्कूल सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर है जो शहर के स्कूलों के मुकाबले में शैक्षणिक और सह-पाठयक्रम गतिविधियों के क्षेत्र में सबसे आगे है। इस समारोह में विभिन्न गांवों के सरपंच कुलविंदर सिंह, हनीश कुमार, गुरदीप कौर, करतारपुर के इंटरनेशनल प्लेवे की चेयरमैन बिनु तथा मुख्य अध्यापिका शिवाली भी उपस्थित थे। स्कूल के चेयरमैन ने कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावको और विद्यार्थियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।