





बयूरो: जालंधर के अधीन आते गांव नंदनपुर में उस समय हड़कंप मच गया जब कुछ हथियारबंद युवकों ने घर में घुसकर 1 युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक युवक की पहचान अशोक नगर, नंदनपुर की 3 नंबर गली में किराए पर रह रहे गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यह घटना एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान हुई कहासुनी से शुरू हुई। गोपी ने कुछ युवकों को हथियार लेकर अपने घर आने से मना किया था, जिससे वह नाराज हो गए। तत्पश्चात 2 गाड़ियों में सवार आरोपियों ने गोपी के घर हमला किया। आरोपियों ने उसके सिर पर तेजधार हथियार से वार भी किए बताया जा रहा है और अंधाधुंध फायरिंग की। इस हमले में 2 महिलाएं और 1 अन्य व्यक्ति भी घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई है। CCTV खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
