Home National भारत ने पाकिस्तान खिलाफ बड़ा ACTION लेते हुए CCS में लिए 5...

भारत ने पाकिस्तान खिलाफ बड़ा ACTION लेते हुए CCS में लिए 5 सख्त फैसले, पढ़ें व देखें

ब्यूरो: पहलगाम के बैसरन में मंगलवार (22 अप्रैल) को बड़ा आतंकी हमला हुआ. इस हमले में 28 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हमले के वक्त आतंकियों ने चुन-चुनकर पर्यटकों को निशाना बनाया. इस हमले से पूरे देश में आक्रोश है. वहीं, आतंकियों को पकड़ने के लिए सुरक्षाबलों द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

इसी के साथ भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 5 बड़े एक्शन लिए हैँ 

• सिंधु जल संधि को रोका जाएगा: पाकिस्तान द्वारा सीमा पार आतंकवाद का समर्थन रोकने तक 1960 की सिंधु जल संधि को स्थगित किया गया है.

• इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट अटारी बंद: अटारी चेक पोस्ट को तुरंत प्रभाव से बंद कर दिया गया है. वैध दस्तावेज के साथ जो लोग पहले ही पार कर चुके हैं, उन्हें 1 मई से पहले वापस जाने को कहा गया है.

• पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा पाबंदी: पाकिस्तानी नागरिकों को SAARC वीजा छूट योजना (SVES) के तहत भारत में प्रवेश की इजाजत नहीं होगी. पहले जारी किए गए सभी SVES वीसा रद्द किए जाएंगे. SVES वीजा पर पहले से भारत में मौजूद पाकिस्तानी नागरिकों को 48 घंटे के भीतर भारत छोड़ना होगा.

• रक्षा सलाहकारों को देश छोड़ने का आदेश: दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग में तैनात रक्षा और सैन्य सलाहकारों को ‘पर्सोना नॉन ग्राटा’ घोषित किया गया है और उन्हें एक सप्ताह के भीतर भारत छोड़ने का आदेश दिया गया है. इसी तरह, भारत अपने रक्षा सलाहकारों को इस्लामाबाद से वापस बुलाएगा. ऐसे पांच सहयोगी स्टाफ भी वापस बुलाए जाएंगे.

• उच्चायोग कर्मचारियों में कटौती: दोनों उच्चायोगों में कर्मचारियों की संख्या 55 से घटाकर 30 करने का फैसला लिया गया है, और ये फैसला 1 मई तक लागू किया जाएगा.

जानकारी अनुसार प्रधानमंत्री द्वारा कल सर्वदलीय बैठक भी बुलाई गई है।

सीसीएस की बैठक में पहलगाम हमले के बाद केंद्र सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाने का फैसला लिया है. पार्लियामेंट एनेक्सी में ये बैठक होगी. ये बैठक कल के लिए शेड्यूल की गई है.