







बयूरो : जालंधर के मकसूदां बाईपास हाईवे पर शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ट्रक से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार 3 युवकों की मौत हो गई। जानकारी अनुसार तेज रफ्तार स्विफ्ट कार हाईवे पर जा रही थी। इसी दौरान कार की सड़क पर खड़े ट्रक के साथ जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर हाईवे के डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार 3 युवकों ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक को हाईवे के बीच ही छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के कारण हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ और मौके पर लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे में मारे गए युवकों की पहचान और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस द्वारा फरार ट्रक चालक की तलाश भी की जा रही है। हादसे के कारण हाईवे पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।