जालंधर: ‘No Work Day’ घोषित DBA द्वारा 16, 17 व 18 मार्च को, वकीलों से ‘बार कौंसिल चुनावों’ में अधिक से अधिक मतदान करने की अपील : रोहित गंभीर, पढ़ें व देखें
बयूरो (गोलमाल न्यूज़) : जिला बार एसोसिएशन, जालंधर के सचिव रोहित गंभीर, एडवोकेट ने प्रेस से बातचीत करते हुए बताया कि बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा के चुनाव दिनांक 17 व 18 मार्च को पंजाब, हरियाणा तथा चंडीगढ़ में आयोजित होने जा रहे हैं।
इसी उपलक्ष्य में जिला बार एसोसिएशन, जालंधर की एग्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि 16, 17 व 18 मार्च को कचहरी परिसर में “नो वर्क डे” रखा जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय किसी प्रकार के विरोध, धरना या हड़ताल के रूप में नहीं लिया गया है। यह “नो वर्क डे” केवल इसलिए रखा गया है ताकि बार के सदस्य चुनाव में किस्मत आजमा रहे उम्मीदवारों के समर्थन में कैंपेनिंग कर सकें। अपने साथियों से संपर्क कर सकें और अधिक से अधिक मतदान के लिए अपील कर सकें।
रोहित गंभीर ने कहा कि इस निर्णय का उद्देश्य, यह भी है कि किसी अधिवक्ता को इस दुविधा में न रहना पड़े कि वह अदालत में कार्य करें या चुनाव संबंधी गतिविधियों में भाग लें। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा सके कि किसी वादकारी का कार्य प्रभावित न हो और अधिवक्ता चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग ले सकें।
रोहित गंभीर ने बताया कि जालंधर से लगभग 3500 अधिवक्ताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज हैं। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपना वोट तथा अधिकतम प्रेफरेंस वोट अवश्य डालें। उन्होंने यह भी बताया कि जालंधर से इस बार, बार काउंसिल चुनाव में 4 उम्मीदवार मैदान में हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि जालंधर से कोई न कोई उम्मीदवार बार काउंसिल में पहुंचे, ताकि वहां जालंधर बार की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।