जालंधर, माननीय सांसद (राज्यसभा) और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के फाउंडर चांसलर डॉ. अशोक कुमार मित्तल भारत के एक प्रतिष्ठित बहुदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल के हिस्से के रूप में 27 से 29 मई, 2025 तक ग्रीस, हेलेनिक गणराज्य की यात्रा कर रहे है। यह उच्च स्तरीय यात्रा आतंकवाद के खिलाफ भारत के एकजुट रुख और ग्रीस के साथ दोनो देशों के संबंधों को मजबूत करने की भारत के निरंतर प्रयास को दर्शाती है। रूस और स्लोवेनिया में सफल कार्यक्रमों के बाद प्रतिनिधिमंडल अपने यात्रा के दौरान ग्रीक सांसदों, विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों, थिंक टैंक, भारतीय प्रवासियों, मीडिया प्रतिनिधियों और अन्य प्रमुख स्टेक-होल्डर्स के साथ मुलाकात की।
डॉ. मित्तल ने कहा, “भारत और ग्रीस के बीच गहरे पारंपरिक, सांस्कृतिक संबंध हैं और ये संबंध आपसी सम्मान और शांति के लिए साझे प्रतिबद्धता पर आधारित हैं। यह यात्रा आतंकवाद के ग्लोबल खतरे को संबोधित करने और 2,500 वर्षों से अधिक समय के भारत-ग्रीक सांस्कृतिक और रणनीतिक संबंधों की पुष्टि करने पर केंद्रित है।”
इन मुलाकातों से भारत की एकता, शांति के प्रति प्रतिबद्धता और आतंकवाद के सभी रूपों और तरीको से निपटने के उसके मजबूत इरादों को सबके सामने रखने की एक कोशिश है। भारत और ग्रीस के बीच साझी लोकतांत्रिक मूल्यों, आर्थिक सहयोग और स्थायी सांस्कृतिक संबंधों के कारण साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है। 2024 में ग्रीक प्रधान मंत्री श्री किरियाकोस मित्सोटाकिस की भारत यात्रा एक महत्वपूर्ण कदम रही है, क्योंकि दोनों देशों ने व्यापार और रणनीतिक सहयोग को बढ़ाने के लिए फार्मास्यूटिकल्स, बंदरगाह, कैमिकल, शिपिंग, फूड प्रोसेसिंग, कम्यूनिकेशन और रक्षा जैसे प्रमुख क्षेत्रों का चुनाव किया। उस समय, वित्त वर्ष 2022-23 के लिए दोनो देशों का व्यापार 1.9 बिलियन अमरीकी डॉलर था, और दोनों पक्षों ने आने वाले वर्षों में इस आंकड़े को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ाने की पारस्परिक महत्वाकांक्षा व्यक्त की।