






ब्यूरो: 43वें इंडियन ऑयल सर्वो सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में, पंजाब पुलिस ने एक बेहद रोमांचक और कड़े मुकाबले के बाद ‘सडन डेथ’ पेनल्टी शूटआउट में CAG दिल्ली को 7-6 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ, पंजाब पुलिस की टीम ने सातवीं बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की ट्रॉफी जीतने का गौरव हासिल किया।
कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने विजेता टीमों को पुरस्कार बांटे, जबकि हॉकी पंजाब के अध्यक्ष नितिन कोहली और इंडियन ऑयल के आशुतोष गुप्ता समापन समारोह में मौजूद रहे। विजेता टीम को गाखल ग्रुप द्वारा प्रायोजित 6 लाख रुपये का नकद पुरस्कार और चैंपियनशिप ट्रॉफी दी गई। वहीं, उपविजेता टीम को डॉ. अनूप बौरी (इनोसेंट ग्रुप) द्वारा प्रायोजित 2.50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार और उपविजेता ट्रॉफी प्रदान की गई। भारतीय टीम के कप्तान और पंजाब पुलिस की टीम का नेतृत्व कर रहे ओलंपियन हरमनप्रीत सिंह को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया और उन्हें 1.01 लाख रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।