






बयूरो (गोलमाल न्यूज़) : आगामी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने जालंधर वेस्ट में अपनी राजनीतिक गतिविधियों को और तेज करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए रविवार को बस्ती नौ स्थित सीआईसीआई बिल्डिंग में पार्टी के नए कार्यालय का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पंडित विपिन शर्मा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत हवन-यज्ञ करवाया गया और पूजा-अर्चना के उपरांत कार्यालय के शुभारंभ की रस्म अदा की गई।
इस धार्मिक आयोजन में पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत विशेष रूप से शामिल हुए। उनके साथ अतुल भगत, पार्षद मुकेश सेठी, पूर्व डिप्टी मेयर हरसिमरनजीत सिंह बंटी, अमृतपाल सिंह, हरचरण सिंह, महिला प्रधान शोभा भगत, पार्षद पति राजीव ओंकार टिक्का, पार्षद पति सौरभ सेठ, एडवोकेट संदीप कुमार वर्मा सहित आम आदमी पार्टी के विभिन्न ब्लॉक प्रधानों, चेयरमैनों तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
गौरतलब है कि कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत की ओर से स्थापित किया गया यह नया कार्यालय आगामी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य जालंधर वेस्ट विधानसभा क्षेत्र में पार्टी संगठन को और मजबूत करना, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करना तथा आम जनता की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करवाने के लिए एक प्रभावी केंद्र के रूप में काम करना है।
नए कार्यालय के शुभारंभ को जालंधर वेस्ट में आम आदमी पार्टी की चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक सक्रियता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आने वाले समय में इस कार्यालय के माध्यम से पार्टी की बैठकों, जनसंपर्क अभियानों और चुनावी रणनीतियों को गति मिलने की उम्मीद है।