Home Education शाहपुर की शानदार जीत, नॉर्थ ज़ोन यूथ फेस्टिवल की ट्रॉफी सीटीआईईएमटी के...

शाहपुर की शानदार जीत, नॉर्थ ज़ोन यूथ फेस्टिवल की ट्रॉफी सीटीआईईएमटी के नाम

16 स्वर्ण सहित 23 पदक जीतकर रचा इतिहास, खालसा कॉलेज रहा उपविजेता

ब्यूरो: आईकेजी पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी के नॉर्थ ज़ोन यूथ फेस्टिवल 2026 में मेज़बान संस्थान सीटीआईईएमटी, शाहपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल विजेता की ट्रॉफी अपने नाम की। तीन दिवसीय महोत्सव में संस्थान ने 16 स्वर्ण, 4 रजत और 3 कांस्य पदकों सहित कुल 23 पदक हासिल किए। साथ ही नृत्य, संगीत और थिएटर की तीनों ओवरऑल ट्रॉफियाँ जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। खालसा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, अमृतसर ने ओवरऑल उपविजेता का खिताब हासिल किया।

सीटीआईईएमटी शाहपुर ने भांगड़ा, गिद्धा, माइम, मिमिक्री, एकांकी नाटक, लाइट वोकल इंडियन, शास्त्रीय वाद्य एकल (गैर-ताल वाद्य), शास्त्रीय गायन एकल, लोकगीत, वार गायन, समूह शब्द/भजन, भारतीय समूह गायन, पश्चिमी एकल गायन, पश्चिमी समूह गायन, ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग और ऑन-द-स्पॉट फोटोग्राफी में प्रथम स्थान प्राप्त किया। संस्थान के विनोद को एकांकी नाटक में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और गिद्धा में सर्वश्रेष्ठ नर्तक का सम्मान भी मिला।

महोत्सव का उद्घाटन पंजाब के संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के सलाहकार और पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष श्री दीपक बाली ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर आईकेजी पीटीयू के सहायक निदेशक, यूथ अफेयर्स, समीर शर्मा और नॉर्थ ज़ोन यूथ फेस्टिवल के पर्यवेक्षक दीपक शाह विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सीटी ग्रुप की ओर से मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. मनबीर सिंह, वाइस चेयरमैन हरप्रीत सिंह, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. नितिन टंडन, कैंपस डायरेक्टर डॉ. जयाशीष सेठी, ग्रुप डायरेक्टर डीएसडब्ल्यू इंजीनियर दविंदर सिंह और डिप्टी डायरेक्टर डीएसडब्ल्यू लेफ्टिनेंट ताबिश अली खान ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

दीपक बाली ने युवाओं को पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और कलात्मक अभिव्यक्तियों से जोड़ने में युवा महोत्सवों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं, सीटी ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. मनबीर सिंह ने कहा कि मेज़बान संस्थान की सफलता केवल बेहतर आयोजन तक सीमित नहीं होती, बल्कि विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना भी उसकी जिम्मेदारी है। उन्होंने सीटीआईईएमटी शाहपुर के विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों के अनुशासन, समर्पण और रचनात्मकता की सराहना की।

अन्य श्रेणियों में पिरामिड कॉलेज, कपूरथला ने फाइन आर्ट्स की ओवरऑल ट्रॉफी, जबकि आईकेजी पीटीयू,कपूरथला ने साहित्यिक प्रतियोगिताओं की ओवरऑल ट्रॉफी जीती। पिरामिड कॉलेज के गुरशरण सिंह को भांगड़ा में सर्वश्रेष्ठ नर्तक और खालसा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की नरूप कौर को एकांकी नाटक में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का सम्मान मिला। सीटीआईएमटी मकसूदां ने स्किट और शास्त्रीय वाद्य एकल (ताल वाद्य) में प्रथम स्थान हासिल किया। अमृतसर ग्रुप ऑफ कॉलेजेस, साई कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट और सेंट सोल्जर ग्रुप ने क्रमशः कविता पाठ, रचनात्मक लेखन और प्रश्नोत्तरी में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।

इस महोत्सव में क्षेत्र के विभिन्न संस्थानों के सैकड़ों विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भाग लेकर कला, साहित्य और पंजाब की सांस्कृतिक विरासत का उत्सव मनाया। अंतिम परिणामों में अमृतसर ग्रुप ऑफ कॉलेजेस तीसरे स्थान पर रहा। इसके बाद पिरामिड कॉलेज, कपूरथला; सीटीआईएमटी मकसूदां; सेंट सोल्जर ग्रुप, जालंधर; हरि प्रकाश इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, होशियारपुर; आईकेजी पीटीयू अमृतसर कैंपस; श्री साई कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट; एपीजे इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजी, जालंधर; लायलपुर खालसा कॉलेज, जालंधर और केएमएस कॉलेज ऑफ आईटी एंड मैनेजमेंट, दसूहा सहित अन्य संस्थानों ने स्थान हासिल किया।