Home Punjab CBI ने CM मान के OSD राजबीर घुम्मन सहित 6 पर दर्ज...

CBI ने CM मान के OSD राजबीर घुम्मन सहित 6 पर दर्ज की FIR, 8 ठिकानों पर रेड जारी, मोबाइल सहित लैपटॉप व कागजात जब्त, अरविन्द केजरीवाल ने बताया BJP की बौखलाहट, बोले- पंजाबी भगवंत मान को 100 से अधिक सीटें जिताएंगे, पढ़ें व देखें

बयूरो : पंजाब की सियासत और प्रशासनिक गलियारों से जुड़ी एक बड़ी कार्रवाई में सीबीआई ने मुख्यमंत्री के OSD राजबीर घुम्मन समेत 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। यह कार्रवाई पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश और प्रवर्तन निदेशालय (ED) से मिली जानकारी के आधार पर की गई है। CBI की FIR में राजबीर घुम्मन के अलावा नितिन गोहल, जितिन गोहल उर्फ राजा, रोमी राजा महाजन, बीर देविंदर और आरएस नागरा को नामजद किया गया है। इसके साथ ही कुछ अज्ञात सरकारी अधिकारियों और निजी लोगों को भी जांच के दायरे में रखा गया है।

CBI की शुरुआती जांच में आरोप है कि कुछ लोगों का एक नेटवर्क कथित तौर पर पैसों के बदले सरकारी फैसलों को प्रभावित करने का काम कर रहा था। FIR में अधिकारियों की पोस्टिंग और ट्रांसफर से लेकर विभागीय कार्रवाई तक में हस्तक्षेप के आरोप लगाए गए हैं। जांच एजेंसी ने यह भी आरोप लगाया है कि सरकारी नीतियों और फैसलों से जुड़ी गोपनीय जानकारी आधिकारिक तौर पर जारी होने से पहले ही कुछ निजी लोगों तक पहुंचाई जाती थी। इसके अलावा प्रशासनिक मंजूरियों, टेंडर की शर्तों, लाइसेंस जारी करने, जमीन के इस्तेमाल में बदलाव यानी CLU और जमीन-राजस्व से जुड़े मामलों में भी कथित लेनदेन की बात सामने आई है। FIR दर्ज होने के बाद CBI ने मंगलवार को पंजाब और चंडीगढ़ में एक साथ कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। जांच एजेंसी की टीमें चंडीगढ़ के अलावा मोहाली, गुरदासपुर, लुधियाना, पटियाला, संगरूर (घराचों) और जालंधर में आरोपियों से जुड़े परिसरों तक पहुंचीं। तलाशी के दौरान CBI ने कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं। इनमें लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य रिकॉर्ड शामिल बताए जा रहे हैं। एजेंसी अब जब्त किए गए सामान और दस्तावेजों की जांच कर रही है।इस पूरे मामले पर जहां सीएम भगवंत मान ने इस कार्यवाही के पीछे बीजेपी पर हमला बोला था वहीं अरविन्द केजरीवाल ने इसे भाजपा की बौखलाहट करार दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा कि पंजाबी भगवंत मान को 100 से अधिक सीटें जिता कर 2027 में फिर से आम आदमी पार्टी की सरकार बनाने को तैयार हैं।