ब्यूरो: पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित करवाए जा रहे समारोहों की श्रृंखला के तहत मंगलवार को शहर में गुरु जी के जीवन, विचारों और महान उपदेशों पर आधारित शानदार ड्रोन शो करवाया गया।
इस दौरान 500 ड्रोनों के साथ आसमान में बनाई गई विभिन्न आकृतियों के माध्यम से श्री गुरु रविदास जी के जीवन और दर्शन को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। शो में हजारों की संख्या में पहुंची संगत को आधुनिक तकनीक के जरिए गुरु जी के सामाजिक समानता, दया, सामाजिक न्याय, हस्तशिल्प/हस्तकर्म और विश्व भाईचारे के संदेशों से अवगत करवाया गया।
पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामले विभाग द्वारा स्थानीय लायलपुर खालसा कॉलेज में करवाए गए इस अलौकिक ड्रोन शो में पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी एवं रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत, पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामले विभाग के सलाहकार दीपक बाली, मेयर विनीत धीर, डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया, चेयरमैन जिला योजना समिति अमृतपाल सिंह, चेयरमैन पंजाब एग्री एक्सपोर्ट कॉर्पोरेशन लिमिटेड मंगल सिंह बासी, संत प्रदीप दास कठार वाले, ‘आप’ नेता राजविंदर कौर थियाड़ा और डिप्टी मेयर मलकीत सिंह ने शिरकत की।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा करवाए जा रहे यह ड्रोन शो श्री गुरु रविदास महाराज को उचित श्रद्धांजलि और उनके महान विचारों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का विलक्षण प्रयास है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई वाली पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित विभिन्न समारोह करवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन समारोहों के हिस्से के रूप में पूरे प्रदेश में 92 ड्रोन शो करवाए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य लोगों, विशेषकर युवा पीढ़ी को गुरु जी के सर्व-सांझीवालता के संदेश से जोड़ना है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को पूरी श्रद्धा से मना रही है। इसके तहत गुरु जी के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं पर आधारित जहां विश्वविद्यालयों में सेमिनार करवाए जा रहे हैं, वहीं प्रदेश के गांवों में विशेष वैनें चलाई जा रही हैं, जिनके माध्यम से गुरु जी के महान संदेशों को घर-घर पहुंचाया जा रहा है। इसी प्रकार गुरु जी के उपदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कीर्तन दरबार, मैराथन और अन्य प्रयास भी किए जा रहे है। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा हाल ही में डेरा सच्चखंड बल्ला के पास 10 एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित किए जाने वाले श्री गुरु रविदास जी बाणी अध्ययन केंद्र की नींव भी रखी गई है।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामले विभाग के सलाहकार दीपक बाली ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को श्री गुरु रविदास महाराज जी के मानवता, समानता और भाईचारे की सांझ के शाश्वत संदेश से जोड़ना समय की मुख्य आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा आधुनिक तकनीक के जरिए युवाओं को गुरु जी के जीवन दर्शन से अवगत करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह शो ड्रोनों के तालमेल से विभिन्न आकृतियों, रोशनियों और आख्यान वर्णन के माध्यम से श्री गुरु रविदास महाराज जी के दर्शन को दिलचस्प तरीके से प्रस्तुत करता है।
उन्होंने बताया कि 9 सितंबर को शाहकोट, 10 सितंबर को सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रंधावा मसंदा और 11 सितंबर को नई दाना मंडी फिल्लौर में ड्रोन शो करवाए जाएंगे।
इससे पहले प्रसिद्ध रागी भाई जसबीर सिंह जी जालंधर वालों के जत्थे द्वारा शब्द कीर्तन और गुरबाणी से जोड़ा गया।
इस अवसर पर एस.डी.एम. शुभी आंगरा के अलावा बड़ी संख्या में संगत भी मौजूद थी।