Home Entertainment सीटी ग्रुप शाहपुर में ‘हमारे राम’ का अद्भुत भक्ति रस मंचन 

सीटी ग्रुप शाहपुर में ‘हमारे राम’ का अद्भुत भक्ति रस मंचन 

भव्य मंच, 1,300 वर्ग फुट से अधिक एलईडी स्क्रीन और दमदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

ब्यूरो: सीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के शाहपुर कैंपस स्थित सरदारनी मनजीत कौर ऑडिटोरियम में शुक्रवार को प्रसिद्ध नाट्य प्रस्तुति ‘हमारे राम’ का पहला शो आयोजित किया गया। अयोध्या, वन और लंका की भव्य झलकियों के साथ सजी यह प्रस्तुति दर्शकों के लिए केवल नाटक नहीं, बल्कि एक जीवंत और यादगार अनुभव बन गई। पंजाब सरकार द्वारा भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और सनातन मूल्यों के संदेश को घर-घर पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित ‘हमारे राम’ ने आधुनिक तकनीक, प्रभावशाली अभिनय, संगीत, ध्वनि और प्रकाश के अद्भुत संयोजन से रामायण को मंच पर साकार किया।

प्रस्तुति का मुख्य आकर्षण 1,300 वर्ग फुट से अधिक की विशाल एलईडी स्क्रीन रही, जो हर दृश्य के साथ अयोध्या के राजदरबार, वन, रावण मंदिर और माता सीता के धरती मां की गोद में वापिस समा जाने जैसे प्रसंगों को जीवंत करती रही। गुजरात से आई लाइट एंड साउंड टीम ने तीन दिनों तक मंच की तैयारियों और तकनीकी संयोजन पर काम किया।

प्रसिद्ध अभिनेता आशुतोष राणा ने रावण की भूमिका में अपनी दमदार आवाज, भावपूर्ण अभिनय और प्रभावशाली मंच उपस्थिति से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं राहुल आर. भूचर ने प्रभु श्रीराम, दानिश अख्तर ने भगवान हनुमान, तरुण खन्ना ने भगवान शिव, अमृता परिहार ने माता सीता और करण शर्मा ने सूर्य देव की भूमिका निभाकर प्रस्तुति को और प्रभावशाली बनाया।

नाटक का मूल संगीत भी प्रस्तुति की भव्यता में अहम कड़ी रहा। इसमें आशुतोष राणा, शंकर महादेवन, सोनू निगम और कैलाश खेर जैसे प्रसिद्ध कलाकारों का योगदान रहा।

‘हमारे राम’ अब तक भारत के 20 से अधिक शहरों में 200 से अधिक प्रस्तुतियां दे चुका है और पांच लाख से अधिक दर्शकों तक पहुंच चुका है। इसका मंचन नीता मुकेश अंबानी सांस्कृतिक केंद्र, सिरी फोर्ट ऑडिटोरियम, कमानी ऑडिटोरियम, जामशेद भाभा थिएटर और एनसीपीए जैसे प्रतिष्ठित मंचों पर भी हो चुका है।

मोहाली और बठिंडा में सफल प्रस्तुतियों के बाद जालंधर में आयोजित इस शो ने पौराणिक कथा, आधुनिक तकनीक और जीवंत अभिनय का शानदार संगम प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर पंजाब सरकार के रक्षा सेवा कल्याण, स्वतंत्रता सेनानी एवं बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने दर्शकों के साथ प्रस्तुति का आनंद लिया।

दर्शकों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार सभी धर्मों का सम्मान करती है और भगवान श्रीराम के जीवन एवं शिक्षाओं पर आधारित भव्य नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं को प्रेरित करने के लिए प्रयासरत है।

उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा ये शो निःशुल्क आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि समाज के हर वर्ग के लोग इस प्रस्तुति को देख सकें और भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा ले सकें। उन्होंने लोगों से शेष प्रस्तुतियों में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।

कार्यक्रम में गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष कीमती भगत, अतिरिक्त उपायुक्त अमरजीत बैंस, एसडीएम शुभी अंगरा, सीटी ग्रुप के उपाध्यक्ष हरप्रीत सिंह सहित कई प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं।

पहले शो को मिले शानदार जनसमर्थन के बाद 29 अगस्त को दो और प्रस्तुतियां सरदारनी मनजीत कौर ऑडिटोरियम, सीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, शाहपुर कैंपस में आयोजित होंगी। ये प्रस्तुतियां दोपहर 2 बजे और शाम 6:30 बजे होंगी।

सीटी शाहपुर में ‘हमारे राम’ की पहली प्रस्तुति ने दर्शकों को ऐसा अनुभव दिया, जिसमें मंच अयोध्या बना, तकनीक ने पौराणिक कथा को जीवंत किया और प्रभु श्रीराम की कालजयी गाथा आंखों के सामने साकार हो उठी।