Home Education मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज में नए सत्र का शुभारंभ

मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज में नए सत्र का शुभारंभ

ब्यूरो: मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज, जालंधर में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ पवित्र हवन यज्ञ के साथ वैदिक मंत्रोच्चारण एवं स्टाफ तथा विद्यार्थियों द्वारा आहुतियाँ अर्पित करके किया गया। डी.ए.वी. सी.एम.सी. के सदस्य कुंदन लाल अग्रवाल मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रिंसिपल एस.के. गौतम, प्रिंसिपल मैडम कवलजीत कौर, सुधीर शर्मा, ललित सिंगला तथा बड़ी संख्या में नवप्रवेशित विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित थे। उनके साथ सभी विभागाध्यक्ष तथा सेवानिवृत्त स्टाफ सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए। यह आयोजन महात्मा आनंद स्वामी ऑडिटोरियम भवन में आयोजित किया गया, जो नए विद्यार्थियों से खचाखच भरा हुआ था। हवन की संपूर्ण प्रक्रिया स्टाफ सदस्य प्रभु दयाल के निर्देशन में संपन्न हुई तथा कॉलेज के विद्यार्थियों ने स्वयं हवन संपन्न कराया।

प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर विद्यार्थी जीवन में सर्वोच्च सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज की उल्लेखनीय उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस संस्थान में प्रवेश लेकर विद्यार्थियों ने अपनी सफलता की आधी मंजिल पहले ही तय कर ली है। उन्होंने कहा कि विनम्रता, निष्ठा और निरंतर प्रयास ही विद्यार्थियों को उनकी मंजिल तक पहुँचाते हैं। अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के आपसी सहयोग एवं समन्वय से ही विद्यार्थी सफलता के उच्च शिखर तक पहुँच सकते हैं। उन्होंने बताया कि दो कार्यक्रमों में एन.बी.ए. मान्यता प्राप्त करने वाला तथा राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित यह पंजाब का एकमात्र पॉलिटेक्निक कॉलेज है।

मुख्य अतिथि कुंदन लाल अग्रवाल ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि सभी विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत करके उत्कृष्ट इंजीनियर बनना चाहिए तथा अपने कॉलेज का नाम रोशन करना चाहिए। उन्होंने प्रत्येक विद्यार्थी को अपना लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा दी। उन्होंने महर्षि दयानंद के जीवन से प्रेरणादायक प्रसंग सुनाए तथा कॉलेज के स्टाफ और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त होने पर बधाई दी।

इस अवसर पर कॉलेज का नया प्रॉस्पेक्टस मुख्य यजमान कुंदन लाल अग्रवाल, प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह एवं विभागाध्यक्षों द्वारा जारी किया गया तथा इसकी एक-एक प्रति प्रत्येक विद्यार्थी को वितरित की गई। वर्ष 2024 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ऑटोमोबाइल, फार्मेसी, इलेक्ट्रिकल एवं सिविल विभागों के स्टाफ सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। इसके उपरांत सभी विद्यार्थियों को कॉलेज परिसर का भ्रमण करवाया गया।

प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ने बताया कि सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, ऑटोमोबाइल तथा फार्मेसी शाखाओं की सभी सीटें भर चुकी हैं। केवल कंप्यूटर, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं लेटरल एंट्री की कुछ सीटें शेष हैं। दसवीं उत्तीर्ण विद्यार्थी 14 अगस्त तक इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेकर अपना भविष्य संवार सकते हैं।

अंत में विद्यार्थियों को प्रसाद स्वरूप लड्डू वितरित किए गए। प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ने बताया कि 30 जुलाई से 7 अगस्त तक विद्यार्थियों का इंडक्शन प्रोग्राम आयोजित किया जाएगा तथा 10 अगस्त से नियमित कक्षाएँ प्रारंभ होंगी।