Home Punjab जालंधर: बिजली संकट के विरोध में जिला बार एसोसिएशन का नो वर्क...

जालंधर: बिजली संकट के विरोध में जिला बार एसोसिएशन का नो वर्क डे, पढ़ें व देखें

बयूरो (गोलमाल न्यूज़) :  जिला बार एसोसिएशन, जालंधर ने आज पंजाब सरकार और पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बिजली बोर्ड) के खिलाफ रोष जताते हुए नो वर्क डे रखा। यह निर्णय जिला बार एसोसिएशन के प्रधान आदित्य जैन और सचिव रोहित गंभीर की अध्यक्षता में हुई कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।

प्रधान आदित्या जैन ने बताया कि 1 जुलाई को गर्मियों की छुट्टियों के बाद अदालतों में कामकाज शुरू हुआ, लेकिन पहले ही दिन से न्यायिक परिसर में वकीलों के चैंबरों में बिजली की भारी समस्या बनी हुई है। कई-कई घंटे बिजली बंद रहने के कारण वकील अपने चैंबरों में बैठकर काम नहीं कर सके, जिससे न्यायिक कार्य प्रभावित हुआ और वकीलों के साथ-साथ मुकदमों के पक्षकारों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

उन्होंने बताया कि वकीलों द्वारा कई बार बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों तथा शिकायत नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन या तो फोन बंद मिले या किसी ने फोन नहीं उठाया। बार-बार शिकायतें करने के बावजूद बिजली बोर्ड ने समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया।

उन्होंने कहा कि इसी कारण जिला बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी की बैठक बुलाकर सर्वसम्मति से आज नो वर्क डे रखने का निर्णय लिया गया, ताकि पंजाब सरकार और बिजली बोर्ड का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया जा सके। बार एसोसिएशन ने मांग की कि न्यायिक परिसर में नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति तुरंत सुनिश्चित की जाए, ताकि वकीलों और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो बार एसोसिएशन भविष्य में और बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।

इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन, जालंधर के प्रधान आदित्य जैन, सचिव रोहित गंभीर, सीनियर उपप्रधान राम छाबड़ा, जॉइंट सेक्रेटरी साहिल मल्होत्रा, जूनियर उपप्रधान सूरज प्रताप सिंह, असिस्टेंट सेक्रेटरी सोनालिका तथा एग्जीक्यूटिव सदस्य प्रभु धीर, पारस चौधरी, मनिंदर ससदेवा, पायल धीर और नेहा धीर उपस्थित रहे। इनके अलावा अमरिंदर सिंह थिंद, राकेश धीर, कुनाल गोयल, हरप्रीत सिंह, बलविंदर सिंह लक्की, करमपाल सिंह गिल, रोबिन सेठी, अशोक शर्मा, संजीव बांसल तथा सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

इस दौरान सचिव रोहित गंभीर ने बताया कि सोमवार को पंजाब भर की बार एसोसिएशनों के आह्वान पर वकील हड़ताल पर रहेंगे। यह हड़ताल भोलाथ बार एसोसिएशन और कपूरथला बार एसोसिएशन के समर्थन में की जाएगी। इसके बाद मंगलवार से जॉइंट एक्शन कमेटी, पंजाब के निर्णय के अनुसार एलएडीएस (LADS) डिफेंस काउंसिल के विरोध में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू होगी, जो अगले आदेश तक जारी रहेगी।