





बयूरो : जालंधर के मॉडल टाउन से सटे लतीफपुरा में इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट ने दिसंबर 2022 में गैर-कानूनी मकानों को गिराया था। वहीं आज दोबारा इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन व डीसी के आदेश पर कब्जे हटाने के लिए सुबह से ही लतीफपुरा क्षेत्र की नाकाबंदी करके कब्जा खाली करवाया गया। लतीफपुरा के निवासियों ने पंजाब मंडी बोर्ड की एक पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध जताया। इसी दौरान एक महिला टंकी पर चढ़ते समय बेहोश हो गई। लोगों द्वारा पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध करने के कारण मामला एक बार फिर गरमा गया। टंकी पर चढ़कर लोगों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और जोरदार प्रदर्शन किया।
दरअसल लतीफपुरा मामले में जिला प्रशासन ने कब्जे हटाने के लिए अदालत से 9 फरवरी तक का समय मांगा था और 10 फरवरी को अदालत में अपना जवाब दाखिल करने का समय था। उससे पहले प्रशासन ने आज कार्रवाई की, जिसमें निवासियों को लतीफपुरा से अपना सामान हटाने को कहा गया। सुबह की कार्रवाई के दौरान 100 से अधिक पुलिस कर्मी लतीफपुरा पहुंचे ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कब्जा खाली करवाने के दौरान कोई समस्या न आए। पुलिस और इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट की टीमों ने मौके पर पहुंचकर चारों तरफ सड़कों पर बैरिकेड लगवा दिए। इस दौरान किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई।