





बयूरो: जालंधर में लगातार 2 से अधिक दिनों से हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मंगलवार सुबह डीएवी कॉलेज के पास बने फ्लाईओवर पर अचानक एक बड़ा सफेदे का पेड़ गिर पड़ा। गनीमत यह रही कि उस समय वाहन वहां से गुजर तो रहे थे, लेकिन किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। लोग हादसे से बाल-बाल बच गए। पेड़ गिरने से फ्लाईओवर पर लंबा जाम लग गया और ट्रैफिक को दूसरी ओर डायवर्ट करना पड़ा।
जालंधर नगर निगम द्वारा हाल ही में बनाई गई करोड़ों रुपए की सड़कें बरसात के इस सीजन दौरान बुरी तरह उखड़ गई हैं जिससे लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। पिछले कुछ महीनों में निगम ने शहर की अधिकतर सड़कों पर लुक बजरी डालकर मुरम्मत और नई सड़क बनाने का दावा किया था। इस पर करोड़ों रुपए खर्च किए गए, लेकिन बरसात के चल रहे दौर ने इन दावों की पोल खोल कर रख दी है। सड़कों पर पानी भरने से जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं।
वहीं पंजाब में हो रही मूसलाधार बारिश के कहर से कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं जिसके चलते कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए है वहीं पठानकोट में पुराना पुल ढह गया है। मौसम विभाग ने 30 अगस्त तक कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। इसमें 28 अगस्त को कुछ राहत रहने की उम्मीद है, लेकिन बाकि दिन विभिन्न जिलों में भारी बारिश का क्रम देखने को मिलेगा। इसके लिए विभाग द्वारा यैलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बारिश के चलते पंजाब के एवरेज तापमान में 4.7 डिग्री की गिरावट देखने को मिली जोकि नार्मल तापमान से 6.9 डिग्री सैल्सियस नीचे बताया गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब में भारी बारिश रिकार्ड हुई।