Home Punjab पंजाब: बढ़ा लाडोवाल सहित 8 टोल प्लाजा का रेट, NHAI ने तुरंत...

पंजाब: बढ़ा लाडोवाल सहित 8 टोल प्लाजा का रेट, NHAI ने तुरंत प्रभाव से लागू की नई दरें, पढ़ें व देखें

बयूरो : पंजाब सहित हरियाणा राज्य के वाहन चालकों को बड़ा झटका लगा है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी (NHAI) ने 2 राज्यों के 8 टोल प्लाजा पर टोल दरों में बढ़ोतरी कर दी है। इनमें लुधियाना का लाडोवाल टोल प्लाजा, जिसे देश के सबसे महंगे टोल प्लाजा में गिना जाता है, भी शामिल है। नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।

देश के सबसे महंगे लाडोवाल टोल प्लाजा पर साल में दूसरी बार टोल रेट में बढ़ोतरी करने का ऐलान कर दिया गया है जिसके चलते नेशनल हाईवे अथॉरिटी द्वारा 14 जुलाई की रात 12 बजे से नए टोल रेट लागू कर दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि इस बार प्रत्येक वाहन के आने-जाने में ₹10 की बढ़ोतरी की गई है और वहीं दूसरी तरफ कमर्शियल वाहनों में भी ₹20 से लेकर ₹30 की बढ़ोतरी की गई है। जो वाहन चालक डेली बेस पर टोल प्लाजा पर प्रतिदिन अप डाउन करते थे उनके रेट में भी बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया गया है। लाडोवाल के अलावा कालाझर, घुलाल, काला टिब्बा, लहराबेगा, खुइयां सरवर, शेखपुरा, पैंद टोल प्लाजा और कोट करोर पर भी कारों के टोल में ₹5 से ₹10 तक की बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही बसों, ट्रकों और अन्य कमर्शियल वाहनों की नई दरें भी लागू कर दी गई हैं।

लाडोवाल टोल प्लाजा पर अब कार, जीप और वैन चालकों को सिंगल जर्नी के लिए ₹225 की बजाय ₹235 चुकाने होंगे। वहीं अन्य श्रेणियों के वाहनों के टोल शुल्क में भी ₹10 से ₹60 तक की बढ़ोतरी की गई है। इससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों और कमर्शियल वाहन चालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।

गौरतलब है कि 1 अप्रैल को भी टोल प्लाजा पर टोल रेट में बढ़ोतरी की गई थी।  उस समय कारों के टोल में ₹5 की वृद्धि हुई थी, जबकि अब करीब 4 महीने बाद दूसरी बार दरें बढ़ा दी गई हैं जिसके चलते 6 महीने में दूसरी बार बढ़ोतरी होने के कारण वाहन चालकों में भारी रोष देखा जा रहा है।