


बयूरो: गर्मी की छुट्टियों के लिए कश्मीर घूमने के चाह्वानों को बड़ी सौगात किलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगामी 19 अप्रैल को श्री माता वैष्णो देवी, कटरा से कश्मीर के लिए पहली वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर इसका विधिवत उदघाटन करेंगे जिसके साथ ही 272 किलोमीटर लंबी उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लाइन परियोजना के पूरा होने से कश्मीर घाटी को रेल संपर्क के माध्यम से शेष भारत के साथ जोड़ने का सपना साकार हो जाएगा। जानकारी अनुसार जम्मू स्टेशन पर नवीनीकरण एवं अन्य निर्माण कार्यों के चलते जम्मू-कटरा-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन फिलहाल में कटरा से किया जाएगा जिसका बाद में जम्मू तक विस्तार कर दिया जाएगा।
इस परियोजना में 38 सुरंगें शामिल हैं जो कुल 119 किलोमीटर की दूरी तक फैली हैं जिनमें सबसे लंबी सुरंग (टी.-49) की लम्बाई 12.75 किलोमीटर है। इसके अलावा इस रेल लिंक परियोजना में 927 पुल भी शामिल हैं, जिनकी कुल लंबाई 13 किलोमीटर है। इन्हीं पुलों में चिनाब नदी पर बनाया गया दुनिया का सबसे ऊंचा आर्च रेलवे ब्रिज शामिल है जिसकी उंचाई एफिल टावर से 35 मीटर अधिक है। अधिकारियों ने बताया कि श्री माता वैष्णो देवी कटरा से श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन 18 रेलवे स्टेशनों से होकर गुजरेगी जिनमें रियासी, बक्कल, दुग्गा, सवालकोट, संगलदान, सुंबर, खारी, बनिहाल, हिल्लर शाहाबाद हॉल्ट, काजीगुंड, सदुरा, अनंतनाग, बिजबेहरा, पंजगाम, अवंतीपोरा, रत्नीपोरा, काकापोरा एवं पंपोर स्टेशन शामिल हैं।